रांची न्यूज़
Spread the love

घाटशिला अनुमंडल कार्यालय सभागार में शनिवार को विधायक रामदास सोरेन ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं एसडीओ के साथ विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की. सर्वप्रथम भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारी से जानकारी ली कि मुसाबनी प्रखंड में 2021 से स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हो रहा है. एक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में 4 वर्ष लग गए. इसका कारण बताएं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का निर्देश कि कोविड काल में किसी भी योजना का पैसा खर्च किया जाए. राज्य सरकार से स्वीकृति के बाद वह पैसा खर्च हो गया. विधायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मामले को विधानसभा में उठाएंगे, वहीं जवाब दीजिएगा. इसके अलावा अन्य विकास योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली.

खराब जलमीनार की ठेकेदार से कराएं मरम्मत

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से जानकारी मांगी कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक पंचायत में पांच चापाकल विधायक की अनुशंसा पर तथा पांच चापाकल विभाग अपने स्तर से लगाएगा. घाटशिला प्रखंड का सिर्फ 220 चापाकल का लक्ष्य रखा गया है. अब तक कितने चापाकल इस योजना से गाड़े गये हैं. अभियंता ने जानकारी दी कि आचार संहिता के बाद 78 चापाकल गाड़े गये हैं. जल्दी लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा. विधायक ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में कितने जल मीनार हैं, जो 5 वर्ष के पहले खराब हो गये हैं. उसकी सूची तैयार कर ठेकेदार से मरम्मत करवाएं.

चाकुलिया में हाथियों से बचने का ठोस उपाए करें : विधायक

चाकुलिया में हाथियों के उत्पाद से निर्दोष लोगों की जान जा रही है इसके लिए ठोस योजना तैयार करें. इसके अलावा स्वर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के पदाधिकारी से वर्तमान समय में क्या योजनाएं चल रही है उसकी पूरी जानकारी मांगी. सभी विभागों की समीक्षा करने के बाद विधायक ने कहा कि इस तरह काम नहीं चलेगा विकास योजनाओं में तेजी लाएं. बैठक में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार महंती, एसडीओ सदानंद महतो, रेंजर विमद कुमार, दिग्विजय सिंह आदि विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *