झारखंड में NEET को लेकर कई होटल में जांच, प्रशासन पूरी तरह चौकस

रांची न्यूज़
Spread the love

 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनः परीक्षा को लेकर झारखंड में प्रशासन पूरी तरह से चौकस नजर आया। बोकारो, गोड्‌डा, हजारीबाग समेत कई जिलों के होटल में जांच अभियान चलाया गया। वहीं, कई जिलों में शनिवार की रात में भी जांच की जाएगी।

इस दौरान कुछ होटल में पुलिस की टीम पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। होटल में प्रत्येक व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच की गई। वहीं, दो दिन से ज्यादा समय तक रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई। हजारीबाग में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह , डीएसपी सीसीआर अरमानुल हक, कोर्रा थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवानों द्वारा कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न होटलों में ठहरे हुए व्यक्तियों का सत्यापन एवं जांच की गई।

जांच के दौरान होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को आगंतुकों का समुचित अभिलेख संधारित करने, पहचान पत्रों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।

झारखंड में कल 67 केंद्रों पर ली जाएगी पुनर्परीक्षा

झारखंड में नीट की पुनर्परीक्षा के लिए 21 शहरों में कुल 67 केंद्र बनाए गए हैं। रांची में सबसे अधिक 21 केंद्र बनाए गए हैं। हजारीबाग में 9, बोकारो व जमशेदपुर में 8-8 और धनबाद में 7 केंद्र बनाए गए हैं। रांची में 10 हजार से अधिक समेत प्रदेशभर से 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्रों के आसपास हटाया गया अतिक्रमण

वहीं, पश्चिमी सिंहभूम जिले में नीट परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में चाईबासा स्थित दोनों परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की टीम ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकान, ठेला-खोमचा एवं अन्य अवरोधों को हटाया, ताकि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *