रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन और जेएससीए प्रबंधन के बीच कल महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और जेएससीए प्रबंधन के अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।
हाल में झारखंड प्रीमियर लीग के दौरान जेएससीए स्टेडियम में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने के बाद प्रशासन इस बार विशेष सावधानी बरत रहा है। भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेडियम के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
इसे भी पढ़ें: नई पीढ़ी के अभिनेताओं को सनी देओल की सलाह: ‘बॉडीबिल्डिंग और डांसिंग बंद करें, अभिनय पर ध्यान दें’
ट्रैफिक और पार्किंग पर भी रहेगा फोकस
बैठक में मैच के दिन रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। स्टेडियम की ओर आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों के लिए रूट प्लान तैयार करने के साथ दर्शकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा होगी। बैठक के बाद ट्रैफिक और पार्किंग से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।
जल्द तय होंगे टिकट के दाम
मैच के आयोजन को लेकर जेएससीए की कमेटी ऑफ मैनेजमेंट लगातार तैयारियों में जुटी है। मैच के सुचारू संचालन के लिए विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जा चुका है। वहीं, अगले दो दिनों में टिकटों की कीमत तय होने की उम्मीद है। इसके बाद क्रिकेट प्रेमियों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू की जाएगी।
