रांची खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री राजेश कच्छप ने आज माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत और जनहित की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा।मुलाकात का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विकास कार्यों में बाधा बन रहे और जनता की शिकायतों को अनदेखा करने वाले कुछ अधिकारियों की मनमानी (मोनोपोली) को सरकार के सामने उजागर करना था। विधायक राजेश कच्छप ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट शब्दों में अवगत कराया कि क्षेत्र में अधिकारियों की तानाशाही और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस रवैये के कारण आम जनता के जरूरी और बुनियादी काम पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।इसके साथ ही, विधायक ने खिजरी क्षेत्र में गर्मी के कारण गहराते गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सुदूर ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए नए डीप बोरिंग की तत्काल मंजूरी देने और क्षेत्र की जर्जर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कराने जैसे बेहद जरूरी विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री से गंभीर चर्चा की।माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी ने सभी विषयों को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना। उन्होंने विधायक राजेश कच्छप को आश्वस्त किया कि खिजरी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले और अपनी मनमानी चलाने वाले लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई करने का पूरा भरोसा दिलाया।मुलाकात के बाद विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि जनता का हक और उनका सम्मान मेरी पहली प्राथमिकता है। अधिकारियों की तानाशाही के खिलाफ और क्षेत्र के विकास के लिए यह लड़ाई सड़क से लेकर सरकार तक मजबूती से जारी रहेगी।
