पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर के बाहर 2 जून की रात हुए हंगामे और कथित फायरिंग मामले में नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदू एकेडमी की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि फायरिंग कोचिंग सेंटर के सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई थी।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित वीडियो में कोचिंग परिसर के बाहर भीड़, टूटा हुआ गेट और फटा हुआ पोस्टर दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति हथियार लोड करने के बाद फायरिंग करता हुआ नजर आता है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान और उसके कोचिंग सेंटर से संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।इससे पहले खान सर ने घटना को लेकर दूसरे पक्ष पर आरोप लगाए थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान को वापस ले लिया था। ऐसे में वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है। आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
