क्रिकेट का रोमांच, संगीत का तड़का: धोनी और कनिका कपूर ने बनाई उद्घाटन समारोह की शाम यादगार

Uncategorized
Spread the love

झारखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से आयोजित झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 का बुधवार को रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ. क्रिकेट, संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के शानदार संगम ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया.भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी, बॉलीवुड गायिका कणिका कपूर की प्रस्तुति, नगपुरिया और जनजातीय नृत्य-संगीत की रंगारंग झलकियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा. दिन में खेले गए उद्घाटन मुकाबले के बाद आयोजित आधिकारिक समारोह में हजारों क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी के बीच महेंद्र सिंह धोनी ने टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया.

धोनी ने लीग में भाग ले रही सभी छह टीमों के युवा कप्तानों के साथ ट्रॉफी का अनावरण किया और उसे ऊंचा उठाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. इस दौरान पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा. अपने संबोधन में धोनी ने कहा कि झारखंड में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है, जो राज्य के क्रिकेट भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है.उन्होंने कहा कि दिन में धूप और भीषण गर्मी और फिर शाम के वक्त बीच-बीच में हुई बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों का मैदान तक पहुंचना यह दर्शाता है कि यहां के लोगों में क्रिकेट के प्रति कितना प्रेम है. उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत जारी रखने और दर्शकों से लगातार उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की.

उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर गायिका कणिका कपूर ने अपने सुपरहिट गीतों से समां बांध दिया. चिट्टियां कलाइयां और देसी लुक जैसे गानों पर पूरा स्टेडियम झूम उठा. वहीं, झारखंड के लोकप्रिय अभिनेता और गायक विवेक नायक ने नगपुरिया गीतों की प्रस्तुति देकर स्थानीय संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की. इसके अलावा छऊ नृत्य और जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भव्य बना दिया.

इस अवसर पर जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरव तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग राज्य को नए क्रिकेट सितारे देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.पहला मुकाबला उद्घाटन दिवस पर क्रिकेट मैदान पर भी जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. पहले मुकाबले में रांची टाइटंस ने छोटानागपुर रॉयल्स को पांच रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की. मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया और पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

दूसरा मुकाबला दिन का दूसरा मुकाबला कोलांचल सुपर किंग और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेला गया, जिसमें कोलांचल सुपर किंग ने एकतरफा अंदाज में 122 रन की बड़ी जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलांचल सुपर किंग ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.टीम की ओर से शरनदीप सिंह भाटिया ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 57 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए. उनकी शानदार पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. शरनदीप की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने जमशेदपुर स्टीलर्स के गेंदबाज बेबस नजर आए. 251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम दबाव में बिखर गई और 14.2 ओवर में 128 रन पर 9 विकेट गंवा बैठी.

कोलांचल सुपर किंग के गेंदबाज राहुल प्रसाद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. शानदार शतक के लिए शरनदीप सिंह भाटिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि राहुल प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला.इस जीत के साथ कोलांचल सुपर किंग ने लीग में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी. क्रिकेट के रोमांच, सांस्कृतिक रंगों, कणिका कपूर के सुरों और महेंद्र सिंह धोनी के करिश्मे से सजी झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का पहला दिन पूरी तरह सफल रहा. उद्घाटन समारोह और मुकाबलों में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि राज्य के क्रिकेट प्रेमी इस लीग को लेकर बेहद उत्साहित हैं. आने वाले दिनों में लीग के मुकाबलों के साथ यह उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *