देवघर नगर निगम के सफाई कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, शहर में कचरे के अंबार की आशंका

jharkhand News न्यूज़
Spread the love

देवघर नगर निगम के करीब 500 सफाई कर्मचारियों ने 11 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है. हड़ताल की घोषणा के बाद बुधवार देर शाम सफाई कर्मचारियों ने अपने संगठन के नेतृत्व में शहर में रैली निकाली और आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया. कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि गुरुवार से कोई भी सफाईकर्मी शहर की साफ-सफाई के कार्य में शामिल नहीं होगा.सफाई कर्मचारियों के नेता संजय मंडल ने बताया कि उनकी तीन प्रमुख मांगों को लेकर यह आंदोलन शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के कई वर्षों का भविष्य निधि (पीएफ) का बकाया भुगतान अब तक नहीं किया गया है. कर्मचारियों की पहली मांग लंबित पीएफ राशि का शीघ्र भुगतान है. दूसरी मांग प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की है.संजय मंडल ने कहा कि निगम में कई बार कर्मचारियों को महीनों तक वेतन नहीं मिलता है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है. यदि हर माह निर्धारित समय पर वेतन का भुगतान किया जाए तो कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी. इसके अलावा कर्मचारियों ने दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी की भी मांग की है.संगठन का कहना है कि यदि निगम प्रशासन उनकी इन तीन प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लेता है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने पर विचार किया जाएगा. संजय मंडल ने निगम प्रशासन, मेयर, डिप्टी मेयर पर कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद किसी स्तर पर ठोस पहल नहीं की गई. जिसके कारण कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा.सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहरवासियों की परेशानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रतिदिन शहर से बड़ी मात्रा में कचरे का उठाव और निष्पादन किया जाता है. ऐसे में सफाई कार्य ठप होने पर शहर के विभिन्न इलाकों में कचरे का अंबार लग सकता है. इधर, डिप्टी मेयर ने सफाई कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने की अपील करने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *