झारखंड में मौसम का अलर्ट! बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी, कई जिलों में येलो अलर्ट

jharkhand News न्यूज़
Spread the love

Jharkhand Weatherमौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को झारखंड के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवा के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए रांची समेत राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम का यू-टर्न

वहीं, रांची और राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। रांची में अब तक केवल 1 मिमी वर्षा हुई है, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। वहीं, पाकुड़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

झारखंड में 37% कम हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को झारखंड के रामगढ़ में सबसे अधिक 22.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहीं, जिसके कारण रांची समेत कई इलाकों में केवल हल्की बारिश दर्ज की गई। देवघर में 35.2 मिमी और हजारीबाग में 6.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अब तक 307 मिमी के सामान्य औसत के मुकाबले केवल 191.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, राजधानी रांची में अब तक 263.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 318.7 मिमी वर्षा की तुलना में 17 प्रतिशत कम है।

झारखंड के 10 जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को झारखंड के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश का अनुमान है। इन जिलों में तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *