जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को बर्मामाइंस मंडल के कंचन नगर छठ घाट और कंचन नगर बस्ती का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील यूआईएसएल की ओर से कराए जा रहे पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण एवं नाली सफाई कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दौरे के समय स्थानीय निवासियों ने विधायक का ध्यान उन इलाकों की ओर आकर्षित कराया, जहां अभी तक पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। इस पर पूर्णिमा साहू ने मौके से ही टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों से बातचीत कर छूटे हुए हिस्सों में भी जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शेष स्थानों पर भी शीघ्र ही पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने कंचन नगर बस्ती के लोगों से संवाद कर उनकी रोजमर्रा की समस्याओं और क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, स्वच्छ जल निकासी व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सागर राय, शशि सिंह, महेंद्र रजक, प्रदीप मिश्रा, वरुण श्रीवास्तव, उपेंद्र कुमार, संतोष ठाकुर, मिंटू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
