दिवाली के बाद रांची की हवा हुई जहरीली: आधी रात 989 पर पहुंचा PM 10, आंखों में जलन, सांसों में घुटन

रांची न्यूज़
Spread the love

दिवाली की आधी रात और एक दिन बाद सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची में हवा में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ गया. रातभर राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए गए, जिसके कारण सुबह शहर में हल्का धुंध भी बना रहा. आंकड़े बताते हैं कि रविवार-सोमवार की रात 1.16 बजे हवा में धूल और धुएं के कणों (PM10) का स्तर सामान्य सुरक्षित सीमा (100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) से लगभग 10 गुना अधिक यानी 989.24 तक पहुंच गया. सोमवार को सुबह में 9 बजे यह 289.63 पर बना रहा. इससे लोगों को आंखों और गले में जलन के साथ सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक रविवार की शाम जब तक आतिशबाजी की रफ्तार धीमी थी तब तक शाम 7 बजे पीएम-10 का स्तर 178 के करीब था, लेकिन रात 8 बजे के बाद जैसे ही तेज आवाज और रोशनी वाले पटाखों का फोड़ना जोर पकड़ा, हवा की गुणवत्ता तेजी से गिरने लगी. रात 9 बजे तक पीएम-10 का स्तर 225 पर था, जो महज आधे घंटे के भीतर रात 9:30 बजे 837 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है और सांस तथा सेहत के लिहाज से खतरनाक माना जाता है.

घनी आबादी वाले इलाकों में परेशानी बढ़ी

अलबत्ता आधी रात के बाद तो स्थिति और भी भयावह हो गई, जब रात 1:15 बजे से 2:00 बजे के बीच पीएम-10 का ग्राफ 989.24 के उच्चतम स्तर को छू गया. इससे घनी आबादी वाले इलाकों में लोगों को परेशानी महसूस होने लगी. कई इलाकों में लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायतें भी मिली हैं. बुजुर्गों को इस समस्या से ज्यादा सामना करना पड़ा.

जानकारों का कहना है कि हल्की ठंड और हवा में नमी होने के कारण पटाखों का जहरीला धुआं आसमान में ऊपर जाने के बजाय जमीन के करीब ही ठहर गया. डॉक्टरों ने इस खराब एक्यूआई को देखते हुए सांस, दमा और हृदय रोगियों के साथ-साथ बुजुर्गों व बच्चों को सुबह-शाम की धुंध से बचने और मास्क लगाने की सलाह दी है.

सोमवार की सुबह सीधा असर

दिवाली की रात हुए इस भारी प्रदूषण का असर सोमवार की सुबह भी साफ तौर पर देखने को मिला. तड़के 3:30 से 5:00 बजे के बीच जब लोग गहरी नींद में थे, तब भी हवा में जहर घुला रहा और पीएम-10 का स्तर 389 से 472 के बीच बना रहा. सुबह 6 से 7 बजे के बीच जब लोग मॉर्निंग वॉक और कामकाज के लिए घरों से बाहर निकले, तब पीएम-10 का स्तर 210 से 281 के बीच दर्ज किया गया. इसके बाद सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच जब सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी, तो पीएम-10 एक बार फिर चढ़कर 235 पर पहुंच गया, जो सुबह पौने ग्यारह बजे धूप निकलने के बाद घटकर 130 पर आया.

क्या है मानक पीएम-10 और वायु की गुणवत्ता पर असर

• (पार्टिकुलेट मैटर-10) हवा में मौजूद धूल, मिट्टी, धुएं और अन्य प्रदूषक कणों को कहा जाता है, जिनका आकार 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है. • ये कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ शरीर के अंदर पहुंच सकते हैं और फेफड़ों को प्रभावित कर सकते हैं. वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल, निर्माण कार्य और पटाखों से निकलने वाले कण इसके प्रमुख स्रोत हैं.

• इसकी मात्रा बढ़ने से हवा की गुणवत्ता खराब होती है.सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है PM-10 का निर्धारित मानक 24 घंटे के औसत के लिए 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और सालाना औसत के लिए 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है • यानी हवा में PM-10 की मात्रा 100 से अधिक होने पर इसे 24 घंटे के राष्ट्रीय मानक से ज्यादा माना जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *