बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की शुरुआती मतगणना में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग से पाप्त जानकारी के अनुसार दो राउंड के मतगणना में प्रशांत किशोर को 3,795 मत मिले हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार सिन्हा से 1,161 मतों से आगे हैं। नीरज कुमार को 2,634 मत प्राप्त हुए हैं। हालांकि, दूसरे राउंड के बाद ही नतीजे का अंदाजा न लगाएं। अभी 28 राउंड की गितनी बाकी हैं। इसलिए आज का मुकाबला तो बस शुरू ही हुआ है।
इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 505 मत मिले हैं। वह तीसरे स्थान पर हैं। शुरुआती मतगणना के अनुसार अन्य उम्मीदवारों में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम को 221, प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव को 52, भारतीय आम अवाम पार्टी के प्रदीप कुमार को 40, अखिल भारतीय जनसंघ के जितेंद्र दुबे को 13, निर्दलीय उम्मीदवार अभय चौधरी को 12 तथा राष्ट्रीय गरीब दल के रामबाबू प्रसाद को 11 मत मिले हैं।
बांकीपुर पर टिकी देश की निगाहें
बिहार के सबसे अहम राजनीतिक मुकाबलों में से एक बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। हालांकि इस उपचुनाव से 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में सत्ता का समीकरण नहीं बदलेगा। लेकिन इसके नतीजों के दूरगामी राजनीतिक असर होने की उम्मीद है। सबकी निगाहें प्रशांत किशोर पर हैं, जो बीजेपी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं। यह वह सीट है जिस पर बीजेपी का लगभग तीन दशकों से दबदबा रहा है।
बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा पार्टी के पारंपरिक गढ़ को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व विधायक और वर्तमान बीजेपी प्रमुख नितिन नबीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को मैदान में उतारा है, जिससे यह मुकाबला त्रिकोणीय और दिलचस्प हो गया है।
इस उपचुनाव ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है क्योंकि यह प्रशांत किशोर की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और जन सुराज की जनता के समर्थन को चुनावी जीत में बदलने की क्षमता के लिए एक बड़ी परीक्षा है। बिहार के सबसे चर्चित उपचुनावों में से एक के राउंड-वार वोटों की गिनती, बढ़त, अहम रुझानों, राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाओं, चुनाव आयोग की घोषणाओं और अंतिम नतीजों के लाइव अपडेट के लिए मनीकंट्रोल हिंदी के साथ बने रहें।
देखें- अपडेट
10.26 बजे का अपडेट: पहले राउंड की गिनती के बाद जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार सिन्हा से 1161 वोट से आगे चल रहे हैं। अभी 28 राउंड की मतगणना बाकी है।
10.11 बजे का अपडेट: पहले राउंड की गिनती के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार से बढ़त बनाए हुए हैं। प्रशांत कुमार फिलहाल 862 वोटों से आगे चल रहे हैं।
