विधानसभा कूच से पहले ABVP पर पुलिस की कार्रवाई, छात्रों ने बसों को घेरकर आगे जाने से रोका

रांची न्यूज़
Spread the love

Ranchi :  JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में ABVP ने विधानसभा मार्च निकाला. पुराने विधानसभा भवन से नए विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई.

ABVP कार्यकर्ताओं के मुताबिक, प्रदर्शनकारी पूरी तरह से जुट भी नहीं पाए थे और मार्च शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को जबरन बसों में बैठाया. प्रदर्शनकारियों को घसीटकर बसों तक ले जाया गया.

Uploaded Image

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल हैं तैनात

पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कई छात्र बसों के आगे और पीछे सड़क पर लेट गए और बसों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. जब पुलिस ने छात्रों को बसों में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया, तो कुछ प्रदर्शनकारी बसों के ऊपर चढ़ गए और तिरंगा लहराकर जमकर नारेबाजी की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में काले झंडे भी नजर आए।

Uploaded Image

बसों के ऊपर चढ़कर झंडा लहराया, नारेबाजी की

बता दें कि ABVP और प्रदर्शनकारी छात्र JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की CBI जांच की मांग कर रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है और योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.

छात्रों ने एक दिन पहले हुए पुलिस लाठीचार्ज का भी विरोध किया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए हैं. साथ ही युवाओं की आवाज को दबाने का आरोप लगाया.  हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

Uploaded Image

छात्रों को घसीसते हुए बस तक ले जा रही पुलिस

छात्रों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन पुलिस बल के जरिए आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रही है. छात्राओं ने सवाल उठाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में क्यों लिया जा रहा है

Uploaded Image

JPSC-JSSC की CBI जांच की मांग करती छात्राएं

छात्रों का कहना है कि पुलिस बल के कई जवान अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में डंडों के साथ तैनात हैं. इससे प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव और कार्रवाई की आशंका बनी हुई है. फिलहाल पुराने विधानसभा के आसपास तनाव की स्थिति बनी हुई है.

पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और कई छात्रों को हिरासत में लेने की कार्रवाई कर रही है. जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *