डीसी ने कुम्हार से खरीदे मिट्टी के दीये, सड़क मरम्मत का दिया निर्देश

रांची न्यूज़
Spread the love

अरसंडे स्थित बोडया रोड के जय प्रकाश नगर की कुम्हार बस्ती में डीसी मंजुनाथ भजन्त्री पहुंचे. कारीगरों से दीये खरीदे .उन्होंने डिजिटल माध्यम से भुगतान भी किया. इस दौरान उन्होंने कुम्हार परिवारों से बातचीत की औऱ उनकी समस्याएं सुनी. इस मौके पर डीसी ने कहा कि मिट्टी के दीये बनाने में पूरा परिवार दिन-रात मेहनत करता है. मिट्टी गूथने से लेकर दीये को आकार देने, सुखाने और रंग-रोगन करने तक काफी श्रम लगता है. इसके बावजूद कारीगरों को उनकी मेहनत के अनुरूप आमदनी नहीं हो पाती. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय कुम्हारों से उचित कीमत पर दीये खरीदें. उन्होंने कहा, इनके पसीने की कीमत चुकानी होगी.

कारीगरों से बातचीत के दौरान डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के माध्यम से कुम्हार परिवारों को सहयोग दे रहा है. इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. आगे जिला इनोवेशन फंड के माध्यम से संरचना निर्माण, जरूरी उपकरण और योजनागत सहायता भी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कुम्हार परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाना है.

डीसी ने एक महिला कारीगर से पेंशन मिलने की जानकारी भी ली. महिला ने बताया कि उसे पेंशन मिल रही है. वहीं, बस्ती की खराब सड़क की समस्या सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि कुम्हार परिवारों को आवागमन में परेशानी न हो. दीये खरीदने के बाद एक छोटी बच्ची ने डीसी को मिट्टी से बना खिलौना भेंट किया. बच्ची के इस स्नेह से डीसी काफी प्रभावित हुए. उन्होंने बच्ची को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *