पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता एवं उनके पुत्र पर हुए हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से जिले के पत्रकारों में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के बैनर तले गुरुवार शाम से आदित्यपुर थाना परिसर के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया।
धरना-प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने एकजुटता का परिचय देते हुए घटना की कड़ी निंदा की। पत्रकारों ने कहा कि किसी पत्रकार पर हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और सुरक्षा पर सीधा प्रहार है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
धरना में शामिल पत्रकारों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और न्याय सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पत्रकारों ने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान धरनास्थल पर पत्रकारों ने एक स्वर में न्याय की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की। आंदोलन को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में व्यापक एकजुटता देखने को मिली।
