300 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ, मर्सी हॉस्पिटल का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रहा सफल

रांची न्यूज़
Spread the love

 शहर के मर्सी हॉस्पिटल में रविवार को आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर में 300 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में शुगर एवं ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच के साथ 2D Echo और PFT जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जांच एवं उपचार पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी गई।

शिविर में सर्जरी, मेडिसिन, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, दंत रोग, कान-नाक-गला, त्वचा रोग तथा अल्ट्रासाउंड विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञों की उपलब्धता से मरीजों को काफी सुविधा मिली।

मर्सी हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी (CEO) डॉ. पी. एच. मिश्रा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य गिरिडीह एवं आसपास के लोगों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविर में 300 से अधिक मरीजों की भागीदारी अस्पताल के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जांच शिविर और विशेष परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर में पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों ने अस्पताल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं समय पर जांच की सुविधा मिलती है। अस्पताल प्रबंधन ने जनसेवा के इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *