रांची नगर निगम बोर्ड बैठक में शहर के विकास और मार्केट कॉम्प्लेक्स से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा

Ranchi News: रांची में बनेंगे अत्याधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स, बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग को मंजूरी

News न्यूज़ रांची न्यूज़
Spread the love

 रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में राजधानी के विकास, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में रातू रोड के न्यू मार्केट और डेली मार्केट को आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग के साथ मार्केट कॉम्प्लेक्स और खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर में थ्री स्टार होटल बनाने की योजना को भी हरी झंडी मिल गई।

मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से शहर में पार्किंग की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और प्रमुख बाजारों को नया एवं आधुनिक स्वरूप मिलेगा। वहीं, खादगढ़ा बस स्टैंड के विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम होगा।

नगर निगम के मुताबिक, इन सभी परियोजनाओं का निर्माण नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) द्वारा किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम को निर्माण लागत के रूप में कोई राशि खर्च नहीं करनी होगी। परियोजनाओं से होने वाली आय में से एक निर्धारित हिस्सा NBCC की ओर से नगर निगम को दिया जाएगा।

बैठक में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, नगर आयुक्त सुशांत गौरव समेत सभी 53 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

छह स्थानों पर खुलेंगे नगर निगम के सर्किल ऑफिस

नगर निगम बोर्ड ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छह सर्किल ऑफिस शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। ये कार्यालय बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा निर्वाचन कार्यालय के पास, शाखा मैदान धुर्वा और नायक टोली हटिया में बनाए जाएंगे।

इन कार्यालयों के शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को नगर निगम से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए मुख्यालय आने की जरूरत कम होगी। लोग अपने क्षेत्र के सर्किल ऑफिस में ही आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे।

राज्य सरकार की चयनित एजेंसियों को सीधे काम नहीं

बैठक में एजेंसियों के चयन को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। अब राज्य सरकार द्वारा चयनित एजेंसियों को सीधे नगर निगम की योजनाओं में काम नहीं दिया जाएगा। निगम अपनी जरूरत के अनुसार टेंडर प्रक्रिया के जरिए एजेंसियों का चयन करेगा।

सड़क पर बिजली पोल लगाने को लेकर आपत्ति

शहर में बिजली के पोल लगाने के तरीके पर नगर निगम ने आपत्ति जताने का निर्णय लिया है। निगम के अनुसार, कई जगह पोल सड़क के किनारे लगाने के बजाय सड़क की ओर अंदर लगाए जा रहे हैं। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो रही है और यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की समस्या भी बढ़ रही है। इस संबंध में निगम बिजली विभाग को पत्र भेजेगा।

टैक्स कलेक्टरों को मिलेगी होल्डिंग और वाटर टैक्स की जिम्मेदारी

होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स की वसूली को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम के टैक्स कलेक्टरों को इसकी जिम्मेदारी देने का फैसला किया गया है। जल्द ही सभी टैक्स कलेक्टरों के बीच क्षेत्रवार जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जाएगा।

अन्य प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

बोर्ड बैठक में कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। पाइप लीकेज की मरम्मत के लिए लिया जाने वाला शुल्क 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, मीट और मुर्गे की दुकानों में शीशे का दरवाजा लगाना अनिवार्य किया गया है।

इसके अलावा बकरी बाजार स्थित नगर निगम के स्टोर को बिरसा मुंडा पार्क के पास स्थानांतरित करने का निर्णय भी लिया गया।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की होगी दोबारा जांच

नगर निगम क्षेत्र की बहुमंजिली इमारतों में लगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की फिर से जांच कराई जाएगी। निगम को आशंका है कि कुछ भवनों में टैक्स में छूट प्राप्त करने के लिए सिर्फ कागजों या दिखावे के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया गया हो सकता है।

इसी को देखते हुए नगर निगम की टीम अलग-अलग भवनों का रैंडम निरीक्षण करेगी और यह जांच करेगी कि संबंधित इमारतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम वास्तव में काम कर रहा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *