Ranchi : जनशिकायत समाधान कार्यक्रम में 89 मामलों का मौके पर निपटारा

News न्यूज़
Spread the love

रांची पुलिस ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को जिले के सभी थाना और ओपी में जनशिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम के तहत वरीय पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए. 

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रांची ने डोरंडा थाना में, पुलिस अधीक्षक (नगर) ने सुखदेवनगर थाना में, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कांके थाना में, पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने जगन्नाथपुर थाना में आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतों का समाधान किया. वहीं, जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं.

शिकायत सुनते अधिकारी


रांची पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम की जानकारी पहले से ही प्रेस, सोशल मीडिया और प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से प्रसारित की गई थी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें. इसका असर यह रहा कि जिले के विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे.


कार्यक्रम के दौरान कुल 193 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 89 मामलों का त्वरित निष्पादन उसी दिन कर दिया गया. शेष मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.


इस दौरान महिला उत्पीड़न, प्रताड़ना, चोरी और मारपीट जैसे 7 मामले भी सामने आए. इन मामलों में एसएसपी रांची के निर्देश पर संबंधित थानों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.


रांची पुलिस ने बताया कि जनशिकायत समाधान कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह बुधवार को जिले के सभी थाना और ओपी में नियमित रूप से आयोजित किया जाता है. इसका उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, शिकायतों का त्वरित समाधान करना और लोगों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *