Ranchi News: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में मेस की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और बढ़े हुए शुल्क के विरोध में चल रहा छात्रों का आंदोलन देर रात समाप्त हो गया। करीब रात 2 बजे विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद छात्रों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
आंदोलन के तहत भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्रों ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया। बातचीत के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं पर छात्रहित में उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।
अब आज शाम 5 बजे छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच अहम बैठक होगी। इसमें कुलपति छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से सीधे बातचीत करेंगे। बैठक में मेस व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और शुल्क में बढ़ोतरी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
छात्रों का कहना है कि वे बातचीत के जरिए अपनी मांगों का समाधान चाहते हैं। प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त कर दिया गया है।
