ईडी के समन पर नहीं पहुंचे रंजीत सिंह, एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को 27 अगस्त का नया नोटिस

रांची न्यूज़
Spread the love

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से जारी समन के बावजूद चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह सोमवार को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे। उन्हें 24 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।

बताया गया कि रंजीत सिंह ने इससे पहले ईडी से पूछताछ के लिए एक महीने का समय मांगा था। हालांकि, एजेंसी ने उनके अनुरोध को स्वीकार नहीं किया और 24 अगस्त को ही उपस्थित होने का निर्देश दिया। तय तारीख पर उनके नहीं पहुंचने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक ईडी से दोबारा समय मांगे जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

इधर, ईडी ने एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को भी दूसरा समन जारी किया है। उन्हें अब 27 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले आरती सिंह को 20 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के बजाय ईडी से 10 दिनों का अतिरिक्त समय मांगा था। उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद जांच एजेंसी ने नया समन जारी करते हुए 27 अगस्त की तारीख निर्धारित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *