नई दिल्ली: भारत-अमेरिका के प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) के विरोध में मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर किसानों की महापंचायत आयोजित होने जा रही है। इस कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली से सटी सीमाओं और शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर दी है। घग्गर नदी के पुल पर सीमेंट के ब्लॉक और लोहे के अवरोधक लगाए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इस बीच, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को सोमवार शाम कुरुक्षेत्र में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किसान संगठनों ने इसे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकने की कार्रवाई बताया है।
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें शंभू बॉर्डर पर रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों की मुख्य मांग भारत-अमेरिका की प्रस्तावित ट्रेड डील को पूरी तरह रद्द करने की है। पंढेर के अनुसार, शंभू बॉर्डर पर पहुंचने के बाद सभी किसान नेता आगे की रणनीति पर संयुक्त रूप से फैसला करेंगे।
महापंचायत और किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
