झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते कहीं गरीबों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, तो कहीं मवेशियों की मौत की सूचना सामने आई है। सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है, जिनकी फसलों को बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है।
बारिश से हुए नुकसान को लेकर झारखंड सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सरकार का उद्देश्य प्रभावित गरीब परिवारों और किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें राहत उपलब्ध कराना है।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न जिलों के उपायुक्तों ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की है। इसके बाद सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा तैयार कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
अंचल स्तर से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तर पर नुकसान का आंकड़ा तैयार किया जाएगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित लोगों को आपदा राहत कोष से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार की ओर से अधिकारियों को नुकसान का सही आकलन करने और प्रभावित परिवारों व किसानों की जानकारी जुटाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
