Ranchi News: राजधानी रांची में बारिश शुरू होते ही नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। बरसात से पहले खुले नालों को ढंकने और जलजमाव वाले स्थानों को चिह्नित कर जरूरी इंतजाम करने के दावे किए गए थे, लेकिन बारिश के दौरान कई जगहों पर स्थिति अलग नजर आ रही है।
देर रात बड़ा तालाब के सामने एक भारी ट्रक का पिछला पहिया खुले नाले में जा फंसा। घटना के बाद ट्रक मौके पर ही अटक गया। वाहन को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ट्रक के फंसने से चालक और खलासी को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय राहगीरों के अनुसार, खुले नाले की वजह से इस स्थान पर बड़े वाहनों को अक्सर परेशानी होती है। बारिश के दौरान नाला पानी से भर जाने के कारण सड़क और नाले के बीच का अंतर स्पष्ट नहीं रहता। इससे भारी वाहनों के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
लोगों का कहना है कि बरसात से पहले खुले नालों को ढंकने और ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए थे। समय पर कार्रवाई नहीं होने से बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
