कई बार ऐसा होता है कि आदर्शवादी बातें करने वाले लोग हकीकत में इसके उलट होते हैं. कुछ ऐसा ही छत्तीसगढ़ कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल की है. IPS बंसल का नाम दो पुलिसकर्मियों के साथ एक शिकायत में आया है. इस शिकायत में आरोप है कि साइबर फ्रॉड के एक मामले को सुलझाने के लिए 1 करोड़ रुपये की रिश्वत ली गई थी. इस केस के सामने आने के बाद IPS बंसल का एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये वीडियो सिविल सर्विस में आने की तैयारी के दौरान उनके मॉक इंटरव्यू का है. पहले यही जान लेेते हैं कि वीडियो में क्या है.
मॉक इंटरव्यू का वीडियो वायरल
यूपीएससी की तैयारी करवाने वाले कोचिंग संस्थान भी इंटर्नल रूप में प्री, मेंस ,इंटरव्यू वगैरह करवाते हैं. ये कैंडिडेट्स की तैयारी में काफी अहम भूमिका निभाता है. इसी में जो लोग सेलेक्ट हो जाते हैं, उनका मॉक इंटरव्यू रिलीज किया जाता है. ऐसा ही एक मॉक इंटरव्यू राहुल बंसल का भी है. वीडियो में बंसल भ्रष्टाचार और पुलिस सुधारों की जरूरत के बारे में बता रहे हैं. वे कहते हैं,
कुछ भ्रष्ट और अक्षम लोग होते हैं. लेकिन आप पूरे सिस्टम को दोष नहीं दे सकते.
इसके बाद वे अपना अनुभव भी बताते हैं. वो बताते हैं कि कैसे उनसे कथित तौर पर रिश्वत मांगी गई थी. बंसल के अनुसार, उनके भाई IIT कानपुर में पढ़ रहे थे और उन्हें एक पेपर प्रेजेंटेशन के लिए अमेरिका जाना था. वीजा अप्लाई करने के लिए उन्हें तुरंत बर्थ सर्टिफिकेट की जरूरत थी. बंसल ने आरोप लगाया कि एक पंचायत अधिकारी ने कम समय में सर्टिफिकेट जारी करने के लिए 500 रुपये मांगे. उन्होंने बताया कि यह सब उन्हें बहुत बुरा लगा था. उन्होंने पुलिसिंग और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया. लेकिन अब कुछ सालों बाद खुद उन पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है.
