रांची। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। 22 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 सितंबर को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा कई जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची में 26 सितंबर को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
27 सितंबर को भी बना रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर को भी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।
हालांकि, इस अवधि के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। अगले दो दिनों के दौरान राज्य के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
