डालटनगंज रेल यात्रियों को झटका: 14 पैसेंजर ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला रूट

रांची न्यूज़
Spread the love

जिले के रेल यात्रियों को आने वाले दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने सोननगर-पतरातू रेलखंड पर चल रहे थर्ड लाइन निर्माण कार्य के कारण डालटनगंज (मेदिनीनगर) होकर गुजरने वाली 14 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 16 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित (डाइवर्ट) कर दिया गया है।

रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 22 जून से 28 जून तक कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, वहीं 22 जून से 27 जून तक एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन बदले हुए मार्ग से किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार सोननगर से पतरातू के बीच तीसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। छिपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच थर्ड लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से रेलवे ने यह निर्णय लिया है।

रेलवे ने बताया कि प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेनों को गया, डेहरी ऑन सोन, गढ़वा रोड और बरकाकाना मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं धनबाद और रांची की ओर से आने-जाने वाली कई ट्रेनों का भी रूट बदला गया है।

इन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया मार्ग

विशाखापट्टनम-वाराणसी एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, नई दिल्ली-रांची गरीब रथ, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस, आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस समेत कुल 16 ट्रेनों को डाइवर्ट किया गया है।

14 पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे ने पलामू क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली रांची-सासाराम पैसेंजर ट्रेन को 23 से 27 जून तक रद्द कर दिया है। इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह, बरकाकाना-वाराणसी तथा डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह सहित कुल 14 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रियों को ऑनलाइन या रेलवे पूछताछ केंद्र से अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *