रांची के धुर्वा स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में झारखंड प्रीमियर लीग टी-20 के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम अफरा-तफरी मच गई। भारी भीड़ और प्रवेश में देरी के बीच वेस्ट गेट के पास भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है। इनमें से तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कुछ नाराज दर्शकों ने गेट और बैरिकेडिंग को भी नुकसान पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फाइनल मैच को लेकर दोपहर से ही बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचने लगे थे। मैच शुरू होने से पहले वेस्ट गेट पर भीड़ अचानक बढ़ गई और प्रवेश प्रक्रिया धीमी होने के कारण हालात बिगड़ गए।
सुरक्षा जांच में देरी के बाद बिगड़े हालात
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, स्टेडियम में एंट्री के दौरान सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया में काफी समय लग रहा था। इसकी वजह से वेस्ट गेट पर लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच पीछे से भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया और गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात ऐसे बने कि वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं।
