पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचे मुख्यमंत्री, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।

Uncategorized
Spread the love

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार की अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया तथा दाह संस्कार में सम्मिलित होकर दिवंगत मंत्री को अंतिम विदाई दी। स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देर रात हृदयाघात के कारण स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन हो गया। यह सरकार और पूरे राज्य के लिए अत्यंत दुखद घड़ी है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अत्यंत सक्रिय रहे और परिपक्वता एवं गंभीरता के साथ उन्होंने अनेक विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है और विश्वास करना कठिन है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनकी अंतिम यात्रा में सरकार और मंत्रिमंडल के सभी लोग उपस्थित होकर उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और आगे भी परिवार के प्रति सरकार का सहयोग एवं संबल बना रहेगा।मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है।

उनके योगदान को राज्य सदैव स्मरण करता रहेगा।मौके पर विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से इस कठिन समय में परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार की अंतिम यात्रा में मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, विधायकगण, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में उनके समर्थक एवं चाहने वाले शामिल हुए। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे और नम आंखों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी। स्वर्गीय श्री सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि। नमन!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *