कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू शनिवार को रांची स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने मंत्री से मुलाकात कर उनकी छोटी बेटी तृषा सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। के. राजू ने इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी मौजूद रहे।
बता दें कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह की 24 सितंबर की सुबह जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। बेटी के निधन से मंत्री और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
शुक्रवार दोपहर मंत्री की बड़ी बेटी भी विदेश से रांची लौट आईं। इसके बाद परिवार के सदस्य एक-दूसरे के साथ इस कठिन समय का सामना कर रहे हैं। तृषा सिंह के निधन की खबर मिलने के बाद कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मंत्री के आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त कर चुके हैं।
